के.बी. रोड के निर्माण कार्य की IIT मुंबई से थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग, मनसे का गंभीर आरोप

शौर्य टाईम्स : नीतू विश्वकर्मा
उल्हासनगर : महाराष्ट्र शासन के सार्वजनिक बांधकाम विभाग (PWD) के माध्यम से कल्याण–बदलापुर–कर्जत मार्ग पर स्थित के.बी. रोड के कंक्रीटीकरण कार्य पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के उपयोग का आरोप महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के जिला अध्यक्ष बंडू देशमुख ने लगाया है।
बंडू देशमुख ने आरोप लगाया कि यह कार्य अत्यंत निकृष्ट दर्जे का किया जा रहा है, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारी धृतराष्ट्र की तरह आंखों पर पट्टी बांधकर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में तैयार किए गए सीमेंट ब्लॉकों में कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं तथा कई जगहों पर रेत और गिट्टी ऊपर दिखाई दे रही है, जो निर्माण की खराब गुणवत्ता को दर्शाती है।
मनसे के अनुसार, यह एक राज्य महामार्ग है, इसलिए निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता का होना अपेक्षित है। आरोप है कि रेडी मिक्स कंक्रीट में जहां M-40 ग्रेड का उपयोग होना चाहिए, वहां निम्न दर्जे की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क निर्माण के आधार (PCC) में DLP-15 ग्रेड का उपयोग आवश्यक होने के बावजूद निम्न गुणवत्ता का मटेरियल लगाया जा रहा है।
निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा नियमों और शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में धूल फैल रही है। इस धूल प्रदूषण से स्थानीय नागरिक, दुकानदार और वाहन चालक परेशान हैं तथा इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। नियमानुसार धूल नियंत्रण के लिए ठेकेदार को दिन में निश्चित अंतराल पर पानी का छिड़काव (वॉटर स्प्रिंकलिंग) करना आवश्यक है, लेकिन आरोप है कि इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
मनसे का कहना है कि संबंधित विभागीय अधिकारी को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका प्रबल होती है।
इसी संदर्भ में मनसे ने मांग की है कि संपूर्ण निर्माण कार्य की जांच IIT मुंबई द्वारा थर्ड पार्टी ऑडिट के माध्यम से कराई जाए। साथ ही जब तक IIT मुंबई की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक ठेकेदार को किसी भी प्रकार का भुगतान न किया जाए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बंडू देशमुख के साथ उपशहर अध्यक्ष सचिन बेंडके, मुकेश सेठपालानी, रवी पाल, शैलेश पांडव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।






