उल्हासनगर महानगरपालिका की विशेष महासभा 20 फरवरी को, पानी दरों व कर वृद्धि जैसे अहम मुद्दों पर होगी चर्चा


शौर्य टाईम्स : नीतू विश्वकर्मा
उल्हासनगर : उल्हासनगर महानगरपालिका द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, महानगरपालिका की विशेष महासभा का आयोजन शुक्रवार, दिनांक 20 फरवरी 2026 को दोपहर 3:00 बजे किया जाएगा। यह बैठक महानगरपालिका के प्रशासनिक भवन के प्रथम तल स्थित सभागृह में आयोजित होगी।
महापौर महोदया के आदेशानुसार बुलाई गई इस विशेष बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे। सभी नगरसेवकों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।
बैठक में इन महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा:
1.वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पानी दरों के अमल (लागू करने) संबंधी प्रस्ताव।
2.महानगरपालिका क्षेत्र में जिन संपत्तियों का पुनर्निर्माण हो चुका है या नए निर्माण किए गए हैं, तथा जिन संपत्तियों में अतिरिक्त/अनधिकृत निर्माण पाया गया है, उन संपत्तियों के वार्षिक मूल्य निर्धारण (रेट निर्धारण) और कर निर्धारण में सुधार/संशोधन लाने का प्रस्ताव।
3.वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु कर विभाग द्वारा नागरिकों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं के शुल्क/फीस में वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव।
महानगरपालिका सचिव द्वारा जारी इस नोटिस से स्पष्ट है कि आगामी बैठक में नागरिकों पर प्रत्यक्ष रूप से प्रभाव डालने वाले वित्तीय निर्णय लिए जा सकते हैं। पानी दरों और सेवा शुल्क में संभावित वृद्धि को देखते हुए यह बैठक शहरवासियों के लिए विशेष महत्व रखती है।
नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों की निगाहें अब इस बैठक पर टिकी हुई हैं, क्योंकि लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा असर शहर की आर्थिक व्यवस्था और नागरिकों की जेब पर पड़ सकता है।






