उल्हासनगर महानगरपालिका की सख्त कार्रवाई: मुख्य सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर चलाया गया डीप क्लीनिंग अभियान


शौर्य टाईम्स : नीतू विश्वकर्मा
उल्हासनगर महानगरपालिका क्षेत्र में मुख्य सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात एवं पैदल यात्रियों के लिए मार्ग सुगम बनाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। माननीय आयुक्त तथा अतिरिक्त आयुक्त के निर्देशानुसार सभी सहायक आयुक्तों एवं प्रभाग समितियों को कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे। इसी क्रम में दिनांक 11/02/2026 से यह विशेष मुहिम शुरू की गई है।
प्रभाग समिति क्रमांक 1 के अंतर्गत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक, चौपड़ा कोर्ट से सी ब्लॉक तक तथा प्रभाग समिति क्रमांक 2 के अंतर्गत काजल पेट्रोल पंप, भाजी नगर, पंचशील नगर, मोहटा देवी मंदिर रोड और विट्ठलवाड़ी क्षेत्र में दिनांक 11/02/2026 को व्यापक कार्रवाई की गई।
इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान (डीप क्लीनिंग) भी चलाया गया, जिससे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, सड़क पर खड़े अवैध एवं लावारिस वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा दंडात्मक कार्रवाई भी की गई।
इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त, प्रभाग समिति क्रमांक 1 एवं 2 के अधिकारी, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा यातायात शाखा के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।






